Uttarakhand: 8 से 16 अगस्त तक नैनीताल में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान!

नैनीताल, 5 अगस्त। जनपद को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर 8 से 16 अगस्त 2026 तक पूरे जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, जिला मार्गों, ग्राम पंचायतों, शहरी क्षेत्रों, वन क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक सफाई अभियान संचालित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि सड़कों के किनारे फैले कचरे और सिंगल यूज प्लास्टिक का चिन्हीकरण कर उसका सुरक्षित निस्तारण किया जाएगा। नगर क्षेत्रों में नगर निगम एवं नगर निकायों की टीमें विशेष सफाई अभियान चलाएंगी, जबकि वन एवं पर्यटन क्षेत्रों में रामनगर मार्ग, चोरगलिया रोड सहित अन्य संवेदनशील स्थानों और पर्यटन स्थलों पर सफाई की जाएगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत, पंचायतीराज एवं ग्राम्य विकास विभाग की ओर से ग्राम पंचायतों में सघन स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। विशेष रूप से रामनगर रिजॉर्ट क्षेत्र, बैलपड़ाव, धानाचूली, मुक्तेश्वर, धारी और रामगढ़ जैसे पर्यटन एवं अधिक आवागमन वाले क्षेत्रों को अभियान में प्राथमिकता दी जाएगी।

अभियान के सफल संचालन के लिए शहरी, ग्रामीण और वन क्षेत्रों हेतु अलग-अलग टीमों का गठन कर अधिकारियों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला एवं युवक मंगल दल, एनसीसी, एनएसएस तथा आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान के दौरान प्रतिदिन जियोटैग्ड फोटोग्राफ उपलब्ध कराते हुए निर्धारित कार्यों को गंभीरता से

पूरा किया जाए।

ADVERTISEMENTS