Uttarakhand: खेत की जुताई के दौरान दर्दनाक हादसा, किसान की मौत

उत्तर प्रदेश (बाराबंकी): निंदूरा ब्लॉक के हसुवापारा गाँव में रविवार देर रात खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय किसान प्रेम प्रकाश की जान चली गई। वह आलू की बुवाई के लिए अपने चाचा रवि के खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, करीब 40 मिनट तक जुताई करने के बाद रोटावेटर में कुछ फँसने की आवाज आई। इसके बाद प्रेम प्रकाश ट्रैक्टर से उतरकर रोटावेटर की जाँच करने लगे। इसी दौरान वह उसके घूमते शाफ्ट की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शोर सुनकर खेत के मालिक रवि और अन्य ग्रामीण घटनास्थल पर पहुँचे और ट्रैक्टर बंद किया। हादसे की सूचना मिलते ही प्रेम प्रकाश की पत्नी गीता देवी खेत पर पहुँचीं। पति की मौत की खबर से वह सदमे में आ गईं और बेहोश हो गईं। ग्रामीणों ने उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

सूचना मिलने पर बद्दूपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार सोनकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रेम प्रकाश अपने पीछे चार साल की बेटी अविष्का और एक साल के बेटे लवी को छोड़ गए हैं। पिता की मौत से दोनों बच्चों के सिर से साया उठ गया। घटना के बाद पूरे गाँव में शोक का माहौल है।

ADVERTISEMENTS