Uttarakhand: आज से सजेगा गौचर मेला, सीएम धामी करेंगे शुभारंभ!

गौचर (चमोली), 14 नवंबर। उत्तराखंड के ऐतिहासिक एवं पौराणिक गौचर मेले का आगाज आज शनिवार से होने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सात दिवसीय 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शुभारंभ करेंगे। मेला 14 से 20 नवंबर तक गौचर मेला मैदान में आयोजित होगा।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री धामी सुबह 10:40 बजे हेलीकॉप्टर से गौचर हवाई पट्टी पहुंचेंगे। इसके बाद वे मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे।
सात दिवसीय मेले में औद्योगिक विकास, स्थानीय उत्पादों, कृषि एवं उद्यान, खेलकूद, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। मेले के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ ही क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
मेला समिति के कार्यक्रम के अनुसार प्रथम दिन सुबह 7 बजे श्री रावल देवता पूजन और 7:30 बजे प्रभात फेरी के साथ आयोजन की शुरुआत होगी। इसके बाद झंडारोहण, मार्च पास्ट और सलामी का कार्यक्रम होगा।
दिनभर बालक-बालिकाओं की प्रतियोगितात्मक दौड़, शिशु प्रदर्शनी और नेहरू चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं, शाम को विभिन्न शिक्षण संस्थानों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य और लोकगायक कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। रात्रि में वीर भड़ माधो सिंह भंडारी पर आधारित गीत-नृत्य नाटिका का मंचन किया जाएगा।



यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें





