Uttarakhand; अमृतपुर बायपास निर्माण में आएगी तेजी, पर्यटन सीजन में जाम से मिलेगी राहत: सीएम धामी

अमृतपुर बायपास निर्माण में आएगी तेजी, पर्यटन सीजन में जाम से मिलेगी राहत: सीएम धामी
हल्द्वानी, 25 अक्टूबर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को निर्माणाधीन काठगोदाम-अमृतपुर बायपास का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन और वीकेंड पर लगने वाले जाम से आमजन और पर्यटकों को राहत दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। बायपास निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत कर दी गई है और कार्य में धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने, निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने और रोड कटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम धामी ने कहा कि बाबा नीम करौली धाम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही नैनीताल, रानीखेत, कौसानी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और बागेश्वर जाने वाले पर्यटकों की संख्या में पिछले कुछ वर्षों में वृद्धि हुई है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिला है, लेकिन सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ा है। अमृतपुर बायपास बनने से यातायात व्यवस्था सुचारु करने और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
दो किलोमीटर तक पहाड़ कटान का कार्य पूरा
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त दीपक रावत और लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी दी। विभाग के अनुसार, परियोजना के प्रथम चरण के लिए 175.40 लाख रुपये और द्वितीय चरण के लिए 469.59 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दोनों चरणों में भौतिक प्रगति क्रमशः 15 प्रतिशत और 14 प्रतिशत बताई गई है।
बायपास निर्माण के तहत दो किलोमीटर तक सिंगल लेन के लिए पहाड़ कटान का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, 75 मीटर स्पान के स्टील पुल का निर्माण कार्य जारी है। पुल निर्माण के लिए 1,177.93 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसकी भौतिक प्रगति 10 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 7 प्रतिशत है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाए और सभी कार्य गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर यातायात प्रबंधन और सुगम आवागमन की सुविधाएं विकसित करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
J



यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें





