उत्तराखंड:20 लाख की नौकरी छोड़, बना ढोंगी, जानिए क्या है पूरा मामला !

यूके पॉजिटिव न्यूज: धार्मिक नगरी मथुरा से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने अध्यात्म और आस्था की आड़ में चल रहे एक बड़े फर्जीवाड़े और शोषण के खेल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक ऐसे ‘हाई-प्रोफाइल’ ढोंगी बाबा को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जो कभी देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर लाखों का पैकेज कमा रहा था।
आरोपी की पहचान अभिषेक मिश्रा उर्फ ‘आदिकर्ता नारायण दास’ के रूप में हुई है, जिसके चंगुल में कई पढ़े-लिखे नौजवान फंस चुके हैं।
20 लाख की नौकरी छोड़ बना ‘ऑनलाइन बाबा’
ओडिशा का रहने वाला अभिषेक मिश्रा पढ़ाई में बेहद होनहार था। उसने प्रतिष्ठित संस्थान IIT रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया था। इसके बाद उसने एक नामी कंपनी में 20 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर नौकरी भी शुरू की। लेकिन करीब तीन साल पहले वह नौकरी छोड़कर अचानक कान्हा की नगरी मथुरा आ गया। यहाँ आकर वह एक धार्मिक संस्था से जुड़ा और किराये के मकान में रहकर सोशल मीडिया पर ‘आदिकर्ता नारायण दास’ के नाम से ऑनलाइन धार्मिक प्रवचन देने लगा।
पढ़े-लिखे युवाओं को जाल में फंसाकर कराता था ‘गंधर्व विवाह’
एक IIT ग्रेजुएट को भगवा कपड़ों में अंग्रेजी और हिंदी में ज्ञान की बातें करते देख, सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में पढ़े-लिखे और आधुनिक विचारों वाले युवक-युवतियां उससे प्रभावित होने लगे। अभिषेक ने इसी प्रभाव का फायदा उठाकर युवाओं को मथुरा बुलाना शुरू कर दिया। यहाँ वह बिना माता-पिता और परिवार की सहमति के लड़के-लड़कियों के ‘गंधर्व विवाह’ (बिना सामाजिक रीति-रिवाजों के आपसी सहमति से शादी) करवाने लगा।
‘प्रसाद’ में नशा और फिर ब्लैकमेलिंग का गंदा खेल
शादी कराने के बाद आरोपी कथित बाबा ऐसे नवविवाहित जोड़ों (कपल्स) को कुछ दिनों के लिए अपने पास कमरे पर ही रोकता था। आरोप है कि इसी दौरान वह लड़कियों को प्रसाद के नाम पर नशीला दूध पिला देता था। जब लड़कियां बेहोश हो जाती थीं, तो वह उनकी आपत्तिजनक और अश्लील तस्वीरें खींच लेता था। बाद में होश आने पर वह उन तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर लड़कियों और उनके परिवारों को ब्लैकमेल करता था और उनसे लाखों रुपये वसूलता था।
वसूले गए पैसों से खरीदा घर, मोबाइल से मिले कई आपत्तिजनक फोटो
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस ब्लैकमेलिंग से कमाए गए लाखों रुपयों से अभिषेक मिश्रा ने मथुरा में ही खुद का एक आलीशान मकान खरीद लिया था। जब पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा, तो उसके मोबाइल की जांच की गई। पुलिस को उसके फोन से करीब 12 अलग-अलग लड़कियों की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बरामद हुए हैं।
आरोपी भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी अभिषेक मिश्रा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से आज उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी तफ्तीश कर रही है कि इस घिनौने खेल में क्या उसके साथ कुछ और लोग भी शामिल थे और अब तक वह कितनी लड़कियों को अपनी हवस और उगाही का शिकार बना चुका है।

यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें





