उत्तराखंड: देहरादून में नाबालिग से हैवानियत, शहर में तनाव!

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के झंडा बाजार (मालीयान मोहल्ला) में एक 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास की घटना के बाद पूरे शहर में भारी तनाव फैल गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक दानिश को अपनी कस्टडी (संरक्षण) में ले लिया है। तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पूरे प्रभावित इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

देर रात वॉशरूम गई किशोरी के साथ वारदात

मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लक्खीबाग चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित किशोरी का परिवार झंडा बाजार स्थित एक मकान में किराए पर रहता है। पीड़िता की मां द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, 18 जून की रात करीब 1 बजे उनकी 13 साल की बेटी वॉशरूम गई थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर जब मां उसे देखने गई, तो बेटी रोती हुई मिली। पूछताछ करने पर किशोरी ने बताया कि मकान मालिक के 17 वर्षीय भांजे दानिश ने उसे जबरन खींचकर उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया।

घटना के विरोध में सड़कों पर उतरी भीड़, पलटन बाजार कराया बंद

घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और लक्खीबाग चौकी का घेराव कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने देहरादून के मुख्य पलटन बाजार में प्रदर्शन करते हुए दुकानें बंद करवा दीं। इस दौरान कुछ दुकानों के साइनबोर्ड हटाने और आंशिक तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं। हिंदू संगठनों का आरोप है कि आरोपी परिवार अपनी पहचान छिपाकर व्यापार कर रहा था।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, शांति बनाए रखने की अपील

सी-ओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा-65(1) (दुष्कर्म का प्रयास) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चूंकि आरोपी भी नाबालिग (17 वर्ष) है, इसलिए उसे पुलिस संरक्षण में लेकर बाल सुधार गृह भेजने की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी देहरादून ने स्थानीय जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने वाले और सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाह फैलाने वाले उपद्रवियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही .

ADVERTISEMENTS