Uttarakhand: कल नैनीताल में पल्स पोलियो अभियान, 1.21 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

भीमताल। जनपद नैनीताल में 22 नवंबर को राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के 1,21,242 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जनपद में 626 बूथ बनाए गए हैं, जबकि बूथ दिवस के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।

विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी सरकारी एवं निजी चिकित्सालयों को स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर देते हुए गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच, गुणवत्तापूर्ण उपचार एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान, समय पर रेफरल और मातृ मृत्यु की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पल्स पोलियो अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहने देने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि अभियान के तहत 448 सामान्य बूथ, 152 हाई रिस्क एरिया बूथ तथा 26 ट्रांजिट बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर कुल 1,252 कार्मिक तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 825 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें 1,650 कार्मिक शामिल रहेंगे। अभियान की निगरानी के लिए 140 बूथ सुपरवाइजर एवं 166 हाउस-टू-हाउस सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।

अभियान के लिए 7,620 वैक्सीन वायल की व्यवस्था की गई है। वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था के तहत 40 कोल्ड चेन यूनिट, 47 आइस लाइन रेफ्रिजरेटर, 54 डीप फ्रीजर, 2,030 वैक्सीन कैरियर और 10,338 आइस पैक उपलब्ध कराए गए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की है कि 22 नवंबर को अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। बूथ पर आने से वंचित रहने वाले बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी।

ADVERTISEMENTS