Uttarakhand: लोकथात महोत्सव: दीपक रावत के गीत ने बांधा समां!

हल्द्वानी/बिंदुखत्ता: बिंदुखत्ता के संजय नगर नंबर-1 स्थित सरस्वती शिशु मंदिर मैदान में आयोजित लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या लोकगीतों और रंगारंग प्रस्तुतियों के नाम रही। कार्यक्रम में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। आयोजक मंडल ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

​सांस्कृतिक संध्या के दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने लोकप्रिय कुमाऊंनी गीत ‘लाल चुन्नी कुरती तेरी काली’ गाया, जिस पर दर्शक झूम उठे। इस अवसर पर उन्होंने अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा को याद करते हुए उनके गीतों और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को समृद्ध करने में उनके योगदान का विशेष रूप से उल्लेख किया।

​महोत्सव की संध्या में लोकगायिका खुशी जोशी, लोकगायक जितेंद्र तोमक्याल, राकेश पनेरू और राकेश जोशी ने एक से बढ़कर एक लोकगीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। वहीं, हास्य लोक कलाकार जीवन दानू ने अपनी हास्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब गुदगुदाया और मनोरंजन किया।

​आयोजकों के अनुसार, इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड की लोकभाषा, लोकसंगीत, पारंपरिक लोककलाओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इसके साथ ही स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृतियों को संजोए रखना और उनके सांस्कृतिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाना भी आयोजन का अहम लक्ष्य है।

​

बिंदुखत्ता में लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में लोकगीतों और हास्य प्रस्तुतियों ने समां बांधा। मुख्य अतिथि कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया, ‘लाल चुन्नी कुरती तेरी काली’ गीत गाया और स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के योगदान को याद किया।

ADVERTISEMENTS