उत्तराखंड: यहां वज्रपात का कहर, 200 से अधिक भेड़-बकरियों की मौत!

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिले के दुर्गम डोडीताल क्षेत्र स्थित पखोटू बुग्याल में सोमवार देर रात हुए भीषण वज्रपात ने भारी तबाही मचा दी। तेज बारिश और गरज-चमक के बीच बिजली गिरने से 200 से अधिक भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक पशु अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, अस्सी गंगा घाटी और मोरी क्षेत्र के करीब 15 पशुपालक इन दिनों लगभग 300 से अधिक भेड़-बकरियों के साथ पखोटू बुग्याल में मौसमी प्रवास पर थे। सोमवार देर रात अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ लगातार आकाशीय बिजली चमकने लगी। इसी दौरान बिजली सीधे पशुओं के झुंड पर गिर गई, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
घटना में प्रभावित पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने राजस्व विभाग की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है। प्रशासन नुकसान का आकलन कर आगे की कार्रवाई में जुट गया है।

यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें





