Uttarakhand: शिलांग में अग्निवीरों की पासिंग आउट परेड आयोजित!

Uk positive news: उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शिलांग स्थित असम रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित असम रेजिमेंट के 7वें बैच के अग्निवीरों की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने नवप्रशिक्षित अग्निवीरों को राष्ट्रसेवा, अनुशासन और समर्पण का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने कहा कि यह केवल एक सैन्य उपलब्धि नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों ने अपने प्रशिक्षण और संकल्प से साबित किया है कि देश की सीमाएं सुरक्षित हाथों में हैं। उन्होंने कहा कि अब उनकी सबसे बड़ी पहचान “भारतीय सैनिक” और “राष्ट्रधर्म” है।
राज्यपाल ने असम रेजिमेंट से अपने पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें घर वापसी जैसा अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि असम रेजिमेंट ने उन्हें अनुशासन, परंपरा और राष्ट्रसेवा के संस्कार दिए हैं।
उन्होंने आधुनिक युद्ध प्रणाली का जिक्र करते हुए अग्निवीरों से साइबर सुरक्षा, ड्रोन तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक सैन्य तकनीकों में दक्ष बनने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय सेनाओं का तेजी से आधुनिकीकरण हुआ है और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता मजबूत हुई है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने अग्निवीरों के माता-पिता और अभिभावकों को भी नमन करते हुए कहा कि ऐसे परिवार ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति हैं।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें



