Uttarakhand: उत्तराखंड में भारी बारिश अलर्ट!


Uk Positive News: भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 9 एवं 10 जुलाई को उत्तराखंड के कई जनपदों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज बारिश के दौर की संभावना है। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक सतर्कता एवं एहतियाती निर्देश जारी किए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

10 जुलाई को पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत और बागेश्वर जनपदों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जनपदों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, विशेषकर पर्वतीय एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में न जाने, नदी-नालों और बरसाती गधेरों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें। साथ ही सभी संबंधित विभागों को 24×7 सतर्क रहकर आवश्यक संसाधनों एवं मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

ADVERTISEMENTS