Uttarakhand: पहले पिता की हत्या, फिर खुद की जिंदगी खत्म… नोएडा में किशोर की खौफनाक करतूत!

नोएडा: थाना फेज-3 क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर अपने पिता की हत्या करने के बाद मेट्रो ट्रेन के आगे छलांग लगाकर जान दे दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिता की ओर से आने-जाने और पढ़ाई को लेकर लगाई गई पाबंदियों से किशोर परेशान था।
पुलिस के मुताबिक, 12 अगस्त की तड़के किशोर ने कथित तौर पर सो रहे अपने 45 वर्षीय पिता राजू शर्मा की हत्या कर दी। इसके बाद उसने कपड़े बदले, पिता की तस्वीर पर माला चढ़ाई और कमरे में ताला लगाकर उनका मोबाइल व बैग अपने साथ ले गया। इसके बाद वह मेट्रो स्टेशन पहुंचा और कुछ देर वहां घूमने के बाद ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
पुलिस को किशोर के बैग से पिता का मोबाइल और कमरे की चाबी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसकी मां को सूचना देकर बुलाया। चाचा के साथ मां कमरे पर पहुंचीं और चाबी से दरवाजा खोला तो अंदर राजू शर्मा का शव मिला।
जांच में पता चला कि राजू शर्मा प्राइवेट टीचर थे और बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के साथ ऑनलाइन क्लास भी लेते थे। वह मूल रूप से झारखंड के बोकारो स्टील सिटी के रहने वाले थे। करीब 12 साल पहले उनका पत्नी से तलाक हो गया था और वह अपने इकलौते बेटे के साथ नोएडा में रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, पिता ने किशोर के आने-जाने पर कई पाबंदियां लगा रखी थीं और 11वीं के बाद उसकी पढ़ाई भी छुड़ा दी थी। मां ने पुलिस को बताया कि राजू शर्मा गुस्सैल स्वभाव के थे और बेटे पर कई तरह की रोक-टोक रखते थे।
इसी वजह से पुलिस को आशंका है कि किशोर ने गुस्से और मानसिक परेशानी में यह कदम उठाया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें





