Uttarakhand : 6.93 लाख मतदाता प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा!

जनपद नैनीताल में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) का कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार तेजी से जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि जनपद के कुल 7,65,135 मतदाताओं के सापेक्ष अब तक 6,93,237 गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार अब तक 71,898 (9.40%) मतदाताओं को अन-कलेक्टिबल (Un-collectible) श्रेणी में चिन्हित किया गया है। इनमें 10,182 मृत, 45,763 स्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थानांतरित, 4,480 पहले से अन्यत्र पंजीकृत, 11,142 अनुपस्थित तथा 331 मतदाता अन्य श्रेणी में शामिल हैं।
विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार सर्वाधिक अन-कलेक्टिबल मतदाता 59-हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में 20,903 (14.90%) तथा 58-नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में 10,959 (10.50%) पाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम त्रुटिवश ASDD सूची में शामिल हो गया है अथवा प्रारूप निर्वाचक नामावली में उसका नाम दर्ज नहीं है, तो संबंधित मतदाता 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक निर्धारित प्रपत्र-6 एवं घोषणा-पत्र के साथ दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र मतदाताओं के नाम अंतिम निर्वाचक नामावली में शामिल किए जाएंगे।


इसके साथ ही भारत निर्वाचन आयोग की पूर्व स्वीकृति के अनुसार जनपद में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) का कार्य भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रारूप निर्वाचक नामावली में अपना नाम एवं विवरण अवश्य जांच लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो या नाम शामिल न हो, तो निर्धारित अवधि के भीतर दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर अपने मताधिकार को सुरक्षित करें।

ADVERTISEMENTS