पिथौरागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: रामलीला देखकर लौट रहे छात्र की मौत, दो सैन्यकर्मी गंभीर!

पिथौरागढ़ में रामलीला देखकर लौट रहे छात्र की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत, 2 सैन्यकर्मी गंभीर
​पिथौरागढ़ (खबर पहाड़ डिजिटल): उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में रविवार देर रात हुए एक भयानक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। रामलीला देखकर घर लौट रहे 20 वर्षीय छात्र धीरज भट्ट की दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दो सैन्यकर्मियों सहित तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।


​बिण पेट्रोल पंप के पास हुआ भीषण हादसा
​मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा देर रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच बिण पेट्रोल पंप के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उस पर सवार चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।


​कुमौड़ निवासी 20 वर्षीय धीरज भट्ट अपने साथी केशव शर्मा के साथ (UK 05F 2396) से रामलीला देखकर घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान 12 कुमाऊं यूनिट में तैनात दो जवान महिमन सिंह (28 वर्ष) और राजेश रावत (27 वर्ष) अपनी बुलेट बाइक (UK 02 A 2621) से पिथौरागढ़ नगर की तरफ आ रहे थे। बिण पेट्रोल पंप के समीप दोनों बाइकों की सीधी टक्कर हो गई।


​अस्पताल में कराया गया भर्ती, सैन्यकर्मी लखनऊ रेफर
​हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ एएसआई भुवन आर्या मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया।
​सेना के घायल जवानों को सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से एक जवान की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें हेलीकॉप्टर से कमान अस्पताल, लखनऊ रेफर किया गया है।


​एंबुलेंस में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम


​गंभीर रूप से घायल धीरज भट्ट को परिजन बेहतर इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में खटीमा के पास धीरज ने एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया। जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


​ITBP में तैनात हैं पिता, सपनों का हुआ दुखद अंत
​मृतक धीरज भट्ट मूल रूप से कनालीछीना के सिंगाली गांव का निवासी था और वर्तमान में उसका परिवार जाजरदेवल में रह रहा था। धीरज के पिता मनोज भट्ट भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में तैनात हैं और धारचूला में कार्यरत हैं। धीरज इंटरमीडिएट के बाद एलएसएम परिसर से स्नातक (Graduation) की पढ़ाई कर रहा था। बच्चों की पढ़ाई के लिए उसकी मां जाजरदेवल में किराये पर रहती हैं।
​जिस उम्र में धीरज अपने भविष्य के सपने संवार रहा था, उसी उम्र में उसकी जिंदगी का इस तरह दुखद अंत हो गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

ADVERTISEMENTS