Uttarakhand: बहुगुणानगर विस्थापन पर बनी सहमति, 35 से अधिक परिवारों ने दी मंजूरी!

कर्णप्रयाग (चमोली), 28 जुलाई 2026। आपदा प्रभावित बहुगुणानगर एवं सुभाषनगर क्षेत्र के विस्थापन को लेकर प्रशासन और प्रभावित परिवारों के बीच महत्वपूर्ण सहमति बनी है। मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावित भवनों की स्थिति का जायजा लिया और परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा विस्थापन, पुनर्वास और मुआवजे से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएंगी। उन्होंने उपजिलाधिकारी को विस्थापन से संबंधित सभी बिंदुओं की विस्तृत आख्या शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार बहुगुणानगर में 38 परिवारों के 39 भवन प्रभावित हैं। बैठक के दौरान प्रत्येक प्रभावित परिवार को भवनों के मूल्यांकन के आधार पर प्रस्तावित मुआवजा राशि की जानकारी दी गई। इस दौरान 35 से अधिक प्रभावित परिवारों ने स्वैच्छिक रूप से भूमि छोड़ने और विस्थापन के लिए अपनी सहमति दे दी।
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग द्वारा लगभग ₹50 करोड़ की लागत से चल रहे सुरक्षा एवं उपचार कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को माइक्रो पाइल, आरसीसी सुरक्षा दीवार, ओपन चैनल सहित सभी सुरक्षात्मक कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को बंद पड़े सभी स्क्रबर तत्काल खोलने और वर्षाजल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल, नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, सिंचाई, राष्ट्रीय राजमार्ग, राजस्व विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और प्रभावित परिवार उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS