Uttarakhand: REAP परियोजना से महिलाओं को मिला रोजगार!

भीमताल/नैनीताल: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के “आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड” के विजन को साकार करने की दिशा में जनपद नैनीताल में REAP (रीप) परियोजना ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे के नेतृत्व में स्वयं सहायता समूहों और महिला संगठनों को स्वरोजगार से जोड़कर स्थायी आजीविका उपलब्ध कराई जा रही है।
इसी क्रम में विकासखंड भीमताल के ग्राम ज्योलीकोट स्थित उड़ान सीएलएफ से जुड़ी श्रीमती गीता नेगी पिछले दो वर्षों से सफलतापूर्वक मोमबत्ती निर्माण इकाई का संचालन कर रही हैं। उनकी यह पहल आज क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई है।


महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही सुगंधित (Scented), डेकोरेटिव, गिफ्ट और पिंक कैंडल सहित विभिन्न आकर्षक डिज़ाइन की मोमबत्तियों की स्थानीय बाजार के साथ-साथ मेलों एवं प्रदर्शनियों में भी अच्छी मांग है। गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के कारण इनकी पहचान लगातार बढ़ रही है।


REAP परियोजना के अंतर्गत इस इकाई को 6 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। इससे आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, उत्पादन क्षमता बढ़ाने तथा अधिक महिलाओं को रोजगार से जोड़ने में सफलता मिली है।
मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व में संचालित यह पहल महिलाओं को स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की नई दिशा दे रही है। राज्य सरकार का लक्ष्य ग्रामीण महिलाओं को स्थायी आजीविका उपलब्ध कराकर उन्हें “लखपति दीदी” बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।


भीमताल की यह सफलता दर्शाती है कि REAP परियोजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को भी मजबूत बना रही है।

ADVERTISEMENTS