Uttarakhand: यमुनोत्री हाईवे हादसा: खाई में डंपर गिरने से जम्मू के चालक की मौत!

Uttarakhand: यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौगांव के पास जरड़ा खड्ड में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण ऑल वेदर सड़क का बाहरी हिस्सा अचानक धंस गया। इसकी चपेट में आने से आरकेसीपीएल (RKCPL) कंपनी का एक डंपर (JK02CA0316) करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में डंपर चालक हरजीत सिंह (49) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक चालक जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले का निवासी था।

घटना शुक्रवार शाम की है। सूचना मिलते ही पुरोला थानाध्यक्ष दीपक कठैत के नेतृत्व में पुलिस और SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर बेहद दुर्गम खाई से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

स्थानीय लोगों और प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस मार्ग पर डबल लेन का निर्माण कार्य चल रहा है। आरोप है कि कार्यदायी कंपनी द्वारा बारिश के मौसम में भी संवेदनशील ‘डेंजर पॉइंट्स’ पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। इससे पहले भी इस पैच पर एक अन्य ट्रक धंसाव का शिकार हो चुका है।

ADVERTISEMENTS