Uttarakhand: देहरादून में जून तक पूरी होगी अंडरग्राउंड केबलिंग, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश!

Uk Positive News: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में देहरादून शहर में विद्युत लाइनों की अंडरग्राउंड केबलिंग को लेकर ऊर्जा विभाग और जिलाधिकारी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने पिटकुल को निर्देश दिए कि सड़कों की खुदाई, केबलिंग और ब्लैक टॉपिंग का कार्य जून माह तक हर हाल में पूरा किया जाए।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि सभी जगह एक साथ कार्य शुरू करने के बजाय सीमित स्थानों पर काम केंद्रित किया जाए, ताकि श्रमिकों की पूरी क्षमता का उपयोग हो सके और काम तेजी से पूरा हो। इससे पूरे शहर में एक साथ खुदाई होने से होने वाली परेशानी को भी कम किया जा सकेगा।
उन्होंने पिटकुल को निर्देशित किया कि जिलाधिकारी देहरादून के साथ समन्वय बनाकर तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाए। साथ ही जिलाधिकारी को भी साप्ताहिक आधार पर कार्यों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि एक स्थान पर कार्य पूर्ण होने के बाद ही दूसरे स्थान पर कार्य शुरू करने की अनुमति दी जाए, जिससे काम व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ सके।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल और पिटकुल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें





