Uttarakhand: सोमनाथ स्वाभिमान पर्व: 37 श्रद्धालु रवाना!

हल्द्वानी, 13 जुलाई। उत्तराखण्ड सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026” के अंतर्गत सोमवार को नैनीताल जिले के 37 श्रद्धालुओं का दल हल्द्वानी से देहरादून के लिए रवाना हुआ। यात्रा दल को हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से सांसद अजय भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सरकार की यह पहल उन श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत लाभकारी है, जो किसी कारणवश तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में आने-जाने, आवास, भोजन, चिकित्सा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना करने का आह्वान किया।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना हुए श्रद्धालु पहले देहरादून पहुंचेंगे, जहां उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों से आए यात्रियों का समागम होगा। इसके बाद हर्रावाला से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालु उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों के पवित्र जल से भरे कलश भी सोमनाथ धाम लेकर जाएंगे। राज्य सरकार द्वारा संचालित इस विशेष यात्रा में एसी रेल यात्रा, आवास, भोजन तथा स्थानीय परिवहन की संपूर्ण व्यवस्था निःशुल्क की गई है।
नैनीताल जिले से इस यात्रा में 14 महिलाएं और 23 पुरुष सहित कुल 37 श्रद्धालु शामिल हैं। यात्रा का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को भारत की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।
इस दौरान दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, खण्ड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें





