Uttarakhand: कंप्यूटर विषय के लिए सांसद ने लिखा पत्र!

हल्द्वानी : नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने जनपद नैनीताल स्थित खैरना इंटर कॉलेज में कंप्यूटर विषय शुरू किए जाने की मांग को लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशक, देहरादून को पत्र भेजा है।


सांसद अजय भट्ट ने अपने पत्र में बताया कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों, स्थानीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय में कंप्यूटर विषय संचालित किए जाने की मांग रखी। उनका कहना है कि वर्तमान समय में कंप्यूटर शिक्षा आधुनिक शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है, लेकिन विद्यालय में इस विषय की व्यवस्था न होने से छात्र-छात्राएं तकनीकी शिक्षा से वंचित हैं।


उन्होंने कहा कि कंप्यूटर विषय के अभाव में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा रोजगार के अवसरों में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि विद्यालय में कंप्यूटर विषय शुरू किया जाता है तो क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध होगी और उनके शैक्षणिक व व्यावसायिक भविष्य को नई दिशा मिलेगी।


सांसद अजय भट्ट ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक से जनहित एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक मानकों के अनुरूप खैरना इंटर कॉलेज में कंप्यूटर विषय की स्वीकृति प्रदान कर शीघ्र संचालन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

ADVERTISEMENTS