उत्तराखंड: यहां भाई ही बना भाई का कातिल, पढ़िए पूरी खबर !

उत्तराखंड: देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र स्थित भुड्डी गांव में युवक की हत्या की गुत्थी को दून पुलिस ने महज 10 घंटे में सुलझाते हुए मृतक के छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि बड़े भाई की डांट-फटकार और मारपीट से नाराज होकर आरोपी ने सुनियोजित तरीके से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
मृतक सोहेल हारून की रविवार रात घर के भीतर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में परिवार ने अज्ञात बदमाशों पर हत्या का आरोप लगाया, लेकिन घटनास्थल की जांच, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों ने पूरे मामले की परतें खोल दीं। पुलिस को घर के बाथरूम से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की देशी पिस्टल भी बरामद हुई।
पूछताछ में मृतक के छोटे भाई शाहिद हारून (21) ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पिता के एटीएम कार्ड से कथित तौर पर करीब 10 लाख रुपये निकालकर खर्च कर दिए थे। इस बात को लेकर बड़े भाई ने उसकी पिटाई की थी, जिससे आक्रोशित होकर उसने हत्या की साजिश रची।
वारदात से पहले आरोपी ने घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर दी और हत्या के बाद अज्ञात हमलावरों की झूठी कहानी गढ़ दी। इतना ही नहीं, पुलिस जांच को भटकाने के लिए गांव वालों के साथ मृतक का शव देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर जाम भी लगाया।
दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, हाईवे जाम करने के मामले में आरोपी समेत अन्य नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ भी अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जांच टीम की सराहना करते हुए इसे त्वरित और प्रभावी कार्रवाई बताया।

यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें





