Uttarakhand: सीडीओ ने विकास कार्यों पर कसी लगाम

Uttarakhand: जनपद में विकास कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने जिला पंचायत एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।


बैठक में सीडीओ ने ग्रामीण क्षेत्रों के होटल एवं रिसॉर्ट्स से पिछले पांच वर्षों में प्राप्त राजस्व का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कूड़ा वाहनों में जीपीएस लगाने, नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही एनएच-87 रानीबाग से रूसी बाईपास तक प्रत्येक माह कम से कम सात दिन वैक्यूम क्लीनिंग मशीन संचालित करने के आदेश दिए।


सीडीओ ने जिला पंचायत के निर्माण कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने, पर्यटन विभाग की योजनाओं की लगातार समीक्षा करने तथा अवैध रूप से संचालित होम-स्टे और होटलों के खिलाफ नियमित निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।


उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छता और पर्यटन गतिविधियों का सुव्यवस्थित संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ADVERTISEMENTS