Uttarakhand: यहाँ एकमात्र शिक्षक के तबादले पर भड़के ग्रामीण, !

ज्योतिर्मठ (चमोली):
विकास खंड ज्योतिर्मठ के सुदूरवर्ती ग्राम कलगोठ स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात एकमात्र सहायक अध्यापक बिरजू राम पटेल का स्थानांतरण अटल उत्कृष्ट रा.इ.का. जोशीमठ (उर्गम) किए जाने से ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है।


​ग्राम पंचायत कलगोठ और विद्यालय प्रबंधन समिति ने मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली को ज्ञापन सौंपकर स्थानांतरण निरस्त करने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय में अंग्रेजी शिक्षक का पद पिछले दो वर्षों से खाली है और पूरा स्कूल केवल इन्हीं एक शिक्षक के भरोसे चल रहा था। अब इनके तबादले से विद्यालय पर ताला लटकने का संकट खड़ा हो गया है।


​पूर्व प्रधान तोता सिंह रावत ने स्पष्ट किया कि जब तक तबादला निरस्त नहीं होता, अभिभावक बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे और गुरुवार से स्कूल परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 25 सितंबर तक आदेश वापस नहीं लिया गया तो समस्त क्षेत्रवासी आमरण अनशन और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


​ज्ञापन की प्रतिलिपि शिक्षा मंत्री, निदेशक प्रारंभिक शिक्षा, जिलाधिकारी चमोली और अपर शिक्षा निदेशक पौड़ी को भी भेजी गई है।

ADVERTISEMENTS