Uttarakhand:झांझर-अक्सौड़ा मझेड़ा मार्ग का डामरीकरण शुरू, ₹4 करोड़ स्वीकृत

धारी (नैनीताल):
भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक अंतर्गत पोखराड़ में झांझर-अक्सौड़ा से मझेड़ा मोटर मार्ग के सुधारीकरण व डामरीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा और नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने संयुक्त रूप से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत होने वाले इस कार्य का नारियल फोड़कर और पूजा-अर्चना कर शिलान्यास किया।


​इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड में ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और मंत्री कैड़ा द्वारा भेजे जा रहे सभी प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृति दी जा रही है।


​कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि यह मोटर मार्ग काफी लंबे समय से खस्ताहाल स्थिति में था, जिससे बरसात के दिनों में कीचड़ के कारण स्थानीय किसानों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग के लिए लगभग ₹4 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कराई गई है, जिसका कार्य अब औपचारिक रूप से शुरू कर दिया गया है।


​डामरीकरण पूरा होने के बाद न केवल ग्रामीणों का आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी। मंत्री कैड़ा ने इस विकास कार्य की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री और सांसद भट्ट का धन्यवाद जताया।


​कार्यक्रम में भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, जिला मंत्री कुंदन सिंह चिलवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS