उत्तराखंड:देवभूमि में वृद्धाश्रमों के विस्तार पर फोकस, सीएम धामी ने दी बड़ी सौगात!

Uk positive news: हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह-2026 का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग करते हुए वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया और उन्हें समाज व राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान किसी भी सभ्य समाज की पहचान है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं आने देगी। उन्होंने यह भी कहा कि वरिष्ठजनों की उपस्थिति समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नैनीताल के कोटाबाग में सभी सुविधाओं से युक्त वृद्धाश्रम के निर्माण की घोषणा की। साथ ही, जिन जनपदों में वृद्धाश्रम नहीं हैं, वहां नए वृद्धाश्रम खोले जाने की बात भी कही। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याणार्थ एक एप लॉन्च किया गया तथा समाज कल्याण विभाग की कॉफी टेबल बुक “अभय उदय” का विमोचन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में लगभग 6 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है, जिसके तहत प्रति माह 1500 रुपये डीबीटी के माध्यम से दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन देने का निर्णय उनकी आर्थिक सुरक्षा को और मजबूत कर रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में वृद्धाश्रमों के विस्तार और आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चम्पावत में नए भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त, रुद्रपुर में एक आधुनिक मॉडल वृद्धाश्रम का निर्माण भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने वॉलीबॉल, फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्यमंत्री ने उनकी सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि उम्र केवल एक संख्या है।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। साथ ही खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मंत्री खजान दास, मंत्री राम सिंह कैड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें





