​BREAKING: यहां नदी में समाई पक्की सड़क, प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री वॉल ढही, प्रशासन अलर्ट!

विकासनगर/सेलाकुई (देहरादून):
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों में नदियां विकराल रूप धारण कर चुकी हैं। सेलाकुई स्थित सारना नदी में आए उफान से चौई बस्ती को जोड़ने वाली मुख्य पक्की सड़क नदी के तेज बहाव में समा गई है, जिससे बस्ती के हजारों लोगों का संपर्क कट गया है और लोग वैकल्पिक व जोखिम भरे रास्तों से आवाजाही करने को मजबूर हैं।
​सरकारी स्कूल और पुल पर मंडराया खतरा
नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बस्ती और आसपास के ढांचे तेजी से कटाव की जद में आ रहे हैं। सड़क बहाने के बाद नदी का विकराल रूप अब पास में ही स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय को अपनी चपेट में ले रहा है। स्कूल की बाउंड्री वॉल पूरी तरह टूटकर नदी में समा चुकी है। इसके अलावा, सारना नदी पर बने मुख्य पुल की नींव भी पानी के तेज थपेड़ों से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे पुल के कभी भी ढहने की आशंका बनी हुई है।
​प्रशासन अलर्ट, मौसम विभाग की चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने क्षतिग्रस्त पुल और सड़क के दोनों ओर बैरिकेड्स लगाकर आवाजाही रोक दी है और मौके पर जुटी भीड़ को दूर हटाया जा रहा है। हालांकि, नदी का तीव्र कटाव अब भी जारी है। मौसम विभाग द्वारा क्षेत्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी रखने के कारण पूरे इलाके में स्थिति बेहद संवेदनशील और चिंताजनक बनी हुई है।

ADVERTISEMENTS