Uttarakhand: गोला नदी में नहाते समय किशोर की डूबने से मौत!

हल्द्वानी, 7 अगस्त 2026। हल्द्वानी की गोला नदी में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। परिजनों के साथ नदी किनारे कपड़े धोने गया 15 वर्षीय किशोर नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में डूब गया। पुलिस, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर किशोर को नदी से बाहर निकाला, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतक की पहचान अहमद (15) पुत्र मोहम्मद रफीक, निवासी महोनिया डलआ, थाना छवियां, जनपद गोंडा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। अहमद हल्द्वानी में अपने रिश्तेदारों के साथ रह रहा था। शुक्रवार को वह अपने भाइयों के साथ गोला नदी में कपड़े धोने गया था। इसी दौरान वह नहाने के लिए नदी में उतर गया और अचानक गहरे पानी में समा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 के माध्यम से बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों, जल पुलिस और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद किशोर को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि बारिश के मौसम में नदियों का जलस्तर और तल लगातार बदलता रहता है। कई स्थानों पर पानी ऊपर से कम गहरा दिखाई देता है, लेकिन नीचे अचानक गड्ढे और कटाव होने के कारण हादसे हो सकते हैं।
उन्होंने लोगों से बारिश के दौरान नदियों में न उतरने की अपील की है। प्रशासन की ओर से नदी किनारे चेतावनी बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोकने में मदद मिल सके।

ADVERTISEMENTS