Uttarakhand: दर्दनाक हादसा: तेज बहाव में बहा 6 वर्षीय मासूम, !

विकासनगर (देहरादून), 19 जुलाई 2026।
देहरादून जिले के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र स्थित खादर बस्ती में रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 6 वर्षीय मासूम की जान चली गई। खेलते समय बच्चा बारिश के पानी के तेज बहाव में बह गया और नाले के पास पानी निकासी की 10 इंच की पाइपलाइन में फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जेसीबी की मदद से पाइपलाइन को तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला गया और बेहोशी की हालत में उप जिला चिकित्सालय विकासनगर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अरमान (6 वर्ष) के रूप में हुई है।
हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने हाल ही में हुए सड़क निर्माण कार्य और खराब जल निकासी व्यवस्था को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि सड़कों का ढाल अधिक होने और नालियां क्षतिग्रस्त होने के कारण हल्की बारिश में भी सड़कों पर पानी तेज बहाव के साथ बहने लगता है, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार विभाग और संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें




