उत्तराखंड : नैनीताल में फिर हुई गज़ब की बर्फबारी…खूब मस्ती करते दिखे सैलानी

सरोवर नगरी और पर्यटन नगरी नाम से विश्व में प्रसिद्ध नैनीताल शहर में एक बार फिर बर्फबारी हुई है। बर्फ गिरने के बाद आसपास की ऊंची चोटियों पर सफेद चादर जम गई है। नैनीताल की ऊंची चोटियों का नजारा देखते ही बनता है। इसी कड़ी में नैनीताल पहुंचे पर्यटकों ने भी बर्फबारी का खूब लुत्फ उठाया। हालांकि बर्फबारी के बाद अब कड़ाके की सर्दी पड़नी शुरू हो गई है।

उत्तराखंड के पहाड़ों में पहले से ही ठंड ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर रखा था। अब लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी भी ठंड के प्रकोप को बढ़ा रही है। सीमांत जिले पिथौरागढ़ में लगातार 5 दिन से मौसम खराब बना हुआ है। थल मुनस्यारी की सड़क बर्फबारी के कारण बंद हो गई है। कई वाहन बर्फबारी के कारण रास्ते में ही फंस गए हैं।

मसूरी के ऊंचाई वाले इलाकों में भी हिमपात हुआ है। यहां भी पर्यटक लगातार पहुंच रहे हैं। जिससे जाम की स्थिति पैदा हो गई है। नैनीताल की बात करें तो यहां ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रविवार को सातवीं बार बर्फबारी हुई है। नैनीताल के निचले इलाकों में सोमवार को बर्फबारी हुई है। नैना पीक, टिफिन टॉप, हिमालय दर्शन, अयारपाटा, बारापत्थर, स्नोव्यू आदि ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी देखने के लिए काफी सैलानी पहुंच गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून – मुख्यमंत्री आवास से खुशी से गदगद होकर लौटे श्रमिकों के परिजन

उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बर्फबारी हुई है। इसकी संभावना को लेकर और वीकेंड के कारण भी शनिवार से ही पर्यटक नैनीताल पहुंचने लगे थे। कोरोना काल में नुकसान में रहे होटल कारोबारियों को भी सैलानियों की आमद से राहत मिली। इसके अलावा मुक्तेश्वर, रामगढ़ धानाचुली में भी जमकर बर्फबारी हुई है। आसपास के इलाकों में बारिश के साथ ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।