Uttarakhand: कातिल मंगेतर: प्रेमी के साथ मिलकर मंगेतर को 400 फीट नीचे फेंका!

Uk positive news: पुणे के प्रसिद्ध रियल एस्टेट कारोबारी के 25 वर्षीय बेटे केतन अग्रवाल की मौत मामले में पुलिस ने एक ऐसा चौंकाने वाला खुलासा किया है, जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है। जिसे पहले एक हादसा माना जा रहा था, वह दरअसल एक सोची-समझी खौफनाक साजिश (Cold-blooded Murder) निकली। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी और केतन की मंगेतर सिया गोयल (20) ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी (22) के साथ मिलकर जुर्म कबूल कर लिया है।
विग और हकलाहट से नफरत बनी वजह
पुलिस कस्टडी में पूछताछ के दौरान सिया गोयल ने बेहद हैरान करने वाला बयान दिया। सिया ने बताया कि उसे केतन अग्रवाल बिल्कुल पसंद नहीं था। उसके मुताबिक, केतन के सिर पर बाल नहीं थे और वह विग (हेयर पैच) पहनता था, साथ ही वह बात करते हुए हकलाता भी था। सिया ने पुलिस के सामने दावा किया कि परिवार को शादी से इनकार कर दुख पहुंचाने से ज्यादा आसान उसे केतन को रास्ते से हटाना लगा।
दूसरी ओर, केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि उनके बेटे का मामूली हेयर पैच था, जिसके बारे में सगाई से पहले ही सिया के परिवार को बता दिया गया था। उन्होंने कहा, “सिर्फ विग पहनना मेरे बेटे की हत्या की वजह नहीं हो सकता।”
प्रेमी के संग रची खौफनाक साजिश
जांच में सामने आया है कि सिया अपने प्रेमी चेतन चौधरी से प्यार करती थी और उसी से शादी करना चाहती थी। लेकिन पारिवारिक और आर्थिक बैकग्राउंड के दबाव के चलते फरवरी में उसकी सगाई केतन से कर दी गई थी। आगामी नवंबर में राजस्थान के उदयपुर में एक आलीशान महल (पैलेस) में करोड़ों रुपये की लागत से दोनों की डेस्टिनेशन वेडिंग होने वाली थी, जिसके लिए दो चार्टर्ड प्लेन तक बुक हो चुके थे।
पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड्स (CDR) के अनुसार, हत्या से ठीक एक दिन पहले सिया और चेतन ने पुणे के एक कैफे में बैठकर इस पूरी वारदात का ब्लूप्रिंट तैयार किया था। पिछले 6 महीनों में दोनों के बीच 4,400 से अधिक बार फोन पर बात हुई थी।
लोहागढ़ किले में ‘सिग्नल’ और 400 फीट गहरी खाई में धक्का
18 जून की सुबह, सिया योजना के तहत केतन को लोनावला के पास ऐतिहासिक लोहागढ़ किले के सबसे खतरनाक पॉइंट ‘विंचू काटा’ (बिच्छू की पूंछ जैसी रिज) पर ले गई। प्रेमी चेतन चौधरी हुडी पहनकर और अपनी पहचान छिपाने के लिए अपनी दुकान के कर्मचारी का मोबाइल लेकर उनका पीछा कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, जैसे ही केतन खाई की तरफ पीठ करके खड़ा हुआ, सिया ने पहले से तय प्लान के मुताबिक नीचे बैठकर चेतन को ‘सिग्नल’ दिया। इशारा मिलते ही पीछे छिपे चेतन चौधरी ने केतन को 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया।
ऐसे खुला राज
शुरुआत में सिया ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने बयान दिया कि फोटो खींचते समय या पानी की बोतल देते समय केतन का पैर फिसल गया। लेकिन पुलिस को जब सिया के फोन में उस ट्रिप की एक भी तस्वीर नहीं मिली और उसके बयानों में विरोधाभास दिखा, तो शक गहरा गया।
गहन जांच और टेक्निकल सर्विलांस के बाद पुणे ग्रामीण पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सिया ने कबूल किया है कि इस पूरी हत्या की मुख्य मास्टरमाइंड वही थी और चेतन ने वारदात को अंजाम देने में उसका साथ दिया। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस रिमांड में हैं और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें





