उत्तराखंड: घोर कलयुग! भगवान का दर भी नहीं छोड़ा चोरों ने चोरी करने से!

देहरादून: राजधानी के सबसे सुरक्षित और वीआईपी इलाकों में शुमार दिलाराम बाजार में दिनदहाड़े चोरी की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ स्थित प्रसिद्ध श्री राधा कृष्ण मंदिर के गर्भगृह से एक अज्ञात चोर ने शिवलिंग पर चढ़ा चांदी का छत्र साफ कर दिया और बड़े आराम से फरार हो गया।

बाजार में चहल-पहल, मंदिर में वारदात

​यह पूरी घटना शुक्रवार शाम करीब पौने पांच बजे की है। उस वक्त बाजार में लोगों की भारी आवाजाही थी। इसी बीच मौका पाकर एक शातिर चोर मंदिर के भीतर दाखिल हुआ। उसने फुर्ती से शिवलिंग पर लगे चांदी के छत्र को उतारा, उसे अपने कपड़ों के भीतर छिपाया और पलक झपकते ही वहां से रफूचक्कर हो गया।

मंत्री आवास के पास ‘सुरक्षा’ फेल!

​इस वारदात ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। दरअसल, जिस जगह यह चोरी हुई, वहां से महज 400 मीटर की दूरी पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का सरकारी आवास है। वीआईपी मूवमेंट के कारण इस पूरे रूट पर हमेशा भारी पुलिस बल तैनात रहता है। पुलिस के इस कड़े पहरे के बावजूद चोर ने इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे डाला।

CCTV में कैद हुई करतूत: मंदिर प्रबंधन समिति को जब छत्र गायब होने का पता चला, तो तुरंत मंदिर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को खंगाला गया। फुटेज में चोर की यह पूरी हरकत साफ तौर पर कैद हो गई है।

डालनवाला पुलिस ने शुरू की जांच

​घटना के बाद मंदिर प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मंदिर समिति की तहरीर पर कोतवाली डालनवाला पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और चोर की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

ADVERTISEMENTS