उत्तराखंड : यहां सांसद हुए सख्त! पढ़िए पूरी खबर !

गोरापड़ाव और तीनपानी लालकुआं में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर सांसद अजय भट्ट ने जताई चिंता

एनएचएआई को पत्र लिखकर मांगे सुरक्षा इंतजाम, शीघ्र कार्रवाई के दिए निर्देश

हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव तीनपानी लालकुआं तक क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक को पत्र भेजकर तत्काल आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है।

सांसद अजय भट्ट ने अपने पत्र में कहा है कि बरेली रोड का गोरापड़ाव और तीनपानी हल्दुचौड़ लालकुआं क्षेत्र अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जहां स्थानीय नागरिकों, स्कूली वाहनों और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है। इसके बावजूद यहां पर्याप्त यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का अभाव बना हुआ है, जिसके चलते लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और आमजन में भय एवं असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा भी लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि सड़क पर सुरक्षा संबंधी पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। सांसद ने एनएचएआई से सड़क का शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग की है।

पत्र में सांसद ने विशेष रूप से सड़क पर संकेतक बोर्ड, स्पीड कंट्रोल व्यवस्था, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप, हाई मास्ट लाइट, डिवाइडर, जेब्रा क्रॉसिंग, चेतावनी बोर्ड तथा ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था जैसे सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने की आवश्यकता बताई है।

सांसद अजय भट्ट ने एनएचएआई अधिकारियों से जनहित को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक तकनीकी सुधार सुनिश्चित करने तथा की गई कार्रवाई से उन्हें भी अवगत कराने को कहा है।

ADVERTISEMENTSAd