Uttarakhand: सुरक्षा नियमों पर प्रशासन सख्त,पढ़िए पूरी खबर!

Uk Positive News: दिल्ली में हाल ही में हुए भीषण होटल अग्निकांड के बाद नैनीताल प्रशासन ने जनसुरक्षा को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जनपद के सभी होटल, गेस्ट हाउस, लॉज, होमस्टे, वाणिज्यिक मॉल एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का व्यापक अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन ऑडिट कराया जाएगा।
इसके लिए प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान और जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की संयुक्त समिति गठित की गई है। समिति अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का निरीक्षण कर 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी।
निरीक्षण के दौरान भवनों में आपातकालीन निकास व्यवस्था, विद्युत वायरिंग, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, फायर एनओसी की वैधता, पार्किंग व्यवस्था तथा राहत एवं बचाव वाहनों की आवाजाही के लिए मार्गों की स्थिति की जांच की जाएगी। साथ ही स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप निर्माण कार्य का भी सत्यापन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रतिष्ठान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, गंभीर अनियमितता अथवा जनसुरक्षा के लिए खतरा पाया गया तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संभावित हादसों को रोकने की दिशा में प्रशासन का बड़ा कदम माना जा रहा है।

यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें




