उत्तराखंड: यहां बेटे के गलती का खामियाजा भुगता पिता ने !

देहरादून में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक वाहन को सीज़ कर दिया। जानकारी के अनुसार, कल शाम एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक नामी स्कूल का नाबालिग छात्र ‘JUS 2 FKU’ लिखी हुई नंबर प्लेट लगाकर वसंत विहार क्षेत्र में वाहन चलाते हुए दिखाई दे रहा था।
मामले का संज्ञान लेते हुए बसंत विहार थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि दिनांक 08 फरवरी 2026 को थाना बसंत विहार क्षेत्र स्थित एक स्कूल में आयोजित फेयरवेल पार्टी में नाबालिग छात्र उक्त वाहन लेकर पहुंचा था। वाहन पर नंबर प्लेट की जगह आपत्तिजनक और भ्रामक शब्द लिखे हुए थे।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने वाहन की तलाश कर उसे बरामद किया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज़ कर दिया। साथ ही नाबालिग छात्र और उसके परिजनों की काउंसलिंग की गई तथा भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा न करने की सख्त हिदायत दी गई।