मेरठ में ‘नागिन’ पत्नी: प्रेमी संग मिलकर बिस्तर पर छुड़वाया सांप, पति की हत्या

Uttarakhand: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। हस्तिनापुर क्षेत्र में एक स्कूल संचालक पति की उसकी ही पत्नी ने अपने वैन ड्राइवर प्रेमी और सपेरों के साथ मिलकर दर्दनाक हत्या कर दी। पति को पहले दूध में नींद की गोलियां दी गईं, फिर आधी रात को बिस्तर पर जहरीला ‘करैत’ सांप छोड़कर उसे डसवाया गया। हत्या की वजह ₹20 लाख की बीमा राशि हड़पना और प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करना बताई जा रही है।
साजिश का ऐसे हुआ भंडाफोड़
घटना के बाद आरोपी पत्नी दामिनी (30) ने इसे कुदरती हादसा दिखाने की कोशिश की और सुबह रोने-धोने का नाटक करने लगी। उसने परिजनों को बताया कि पति अतुल कुमार (32) की मौत सांप के काटने से हुई है।
लेकिन, पुलिस पूछताछ के दौरान दामिनी के बयानों में विरोधाभास नजर आया। उसने कहा कि ‘गर्मी लगने की वजह से वह बाहर सो रही थी’, जिस पर परिजनों को शक हुआ। पुलिस ने जब दामिनी की कॉल डिटेल (CDR) खंगाली, तो स्कूल के शादीशुदा वैन ड्राइवर तुषार पायला से उसकी लगातार बातचीत का खुलासा हुआ।
मोबाइल में मिली सांप की तस्वीर, टूट गया प्रेमी
पुलिस ने जब तुषार को हिरासत में लेकर उसका मोबाइल चेक किया, तो उसमें डिब्बे में बंद सांप की फोटो मिली—जो ठीक वही सांप था जो वारदात वाली जगह पर पाया गया था। कड़ाई से पूछताछ करने पर तुषार ने पूरी साजिश उगल दी।
₹5 लाख में सपेरों से डील, पहले भी की थी मारने की कोशिश
पुलिस जांच में सामने आया कि:
सपेरों की मदद: तुषार और दामिनी ने सोनू और उदय नाम के दो सपेरों को ₹5 लाख देकर करैत सांप का इंतजाम कराया था।
सड़क हादसा: दामिनी पिछले एक साल से पति को रास्ते से हटाने की फिराक में थी। कुछ समय पहले अतुल को कार से टक्कर मरवाई गई थी, लेकिन वह बच गए।
धीमा जहर: आरोपी पत्नी काफी समय से अतुल के खाने में नशीली गोलियां मिला रही थी, जिससे उनकी तबीयत अक्सर खराब रहती थी।
पुलिस का बयान:
एसएसपी अविनाश पांडेय के अनुसार, “आरोपियों ने हत्या को प्राकृतिक हादसा रूप देने के लिए जहरीले सांप का इस्तेमाल किया। सर्विलांस, सीसीटीवी और तुषार के फोन से मिले सबूतों के आधार पर साजिश का पर्दाफाश हुआ है। आरोपियों को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”
लव मैरिज से शुरू हुआ था रिश्ता, खौफनाक अंत
अतुल और दामिनी ने 7 साल पहले परिवार के खिलाफ जाकर लव मैरिज की थी। 4 साल पहले अतुल ने कंप्यूटर की नौकरी छोड़कर ‘कृष्ण किड्स प्ले स्कूल’ खोला था, जिसे दोनों मिलकर चला रहे थे। लेकिन 2 साल पहले वैन ड्राइवर तुषार की एंट्री के बाद रिश्तों में दरार आई और प्रेम कहानी का ऐसा खौफनाक अंत हुआ

यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें




