उत्तराखंड : (खुशखबरी) हल्द्वानी से जल्द होंगी हवाई सेवा शुरू

Haldwani News : गौलापार स्थित हैलीपोर्ट से जल्द ही उड़ान शुरू हो सकती है। सरकार ने हैलीपोर्ट के सौंदर्यीकरण के 2.36 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। लोक निर्माण विभाग को छह महीने में इसका सौंदर्यीकरण का काम पूरा करना है। पिछली सरकार ने गौलापाार में हेलीपैड का निर्माण कराया था। इसका निर्माण अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को देखते हुए कराया गया था। भविष्य में इसका प्रयोग हवाई सेवाओं के लिए भी किया जाना था। अब सरकार इस हेलीपैड की क्षमता बढ़ाने जा रही है। सरकार यहां से हेली सेवाएं शुरू करना चाहती है।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी ने बताया कि सरकार ने विभाग को 236 लाख रुपये जारी किए हैं। इसमें से 118 लाख से सिविल और 118 लाख से इलेक्ट्रिक लाइट के लिए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि छह महीने में यह काम पूरा कर लिया जाएगा। बता दें कि प्रदेश सरकार उड़ान योजना के तहत देहरादून-हल्द्वानी-पंतनगर और पिथौरागढ़ के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करने जा रही है। इसी कारण हल्द्वानी हैलीपोर्ट को अत्याधुनिक बनाया जा रहा है।
ये काम होंगे

  • दो वॉच टावर का निर्माण
  • पार्किंग की व्यवस्था
  • हेलिपैड में बनी बिल्डिंग में यात्रियों के बैठने के लिए फर्नीचर
  • टिकट काउंटर का निर्माण
  • 10 मीटर फाटो (हेलिकॉप्टर के रुकने का स्थान)
  • हेलिकॉप्टर के लिए रात में उतरने आदि के लिए लाइट की व्यवस्था की जाएगी।